Breaking
21 Jul 2026, Tue

ग्रीन इलेक्शन पहल के लिए डॉ. हीरा लाल को टाइम्स ऑफ इंडिया इकोप्रेन्योर अवॉर्ड

By Editor Aijaz Alam Khan

लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को हरित बनाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. हीरा लाल को टाइम्स ऑफ इंडिया इकोप्रेन्योर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी ग्रीन इलेक्शन पहल के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने, व्यापक वृक्षारोपण, वृक्ष संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. हीरा लाल की यह पहल चुनावी प्रक्रिया को केवल मतदान तक सीमित न रखकर उसे पर्यावरण संरक्षण के जनआंदोलन में बदलने का प्रयास है। अभियान के तहत नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।


सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. हीरा लाल ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण तभी सफल हो सकता है, जब समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी हो। ग्रीन इलेक्शन जैसी पहलें लोकतंत्र और प्रकृति, दोनों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।”


उन्होंने इस सम्मान के लिए टाइम्स ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि ग्रीन इलेक्शन अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगा।
डॉ. हीरा लाल को मिला यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जनभागीदारी आधारित अभियानों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

रिपोर्ट: रिजवान खान

AKP News 786