Breaking
23 Jul 2026, Thu

घने कोहरे में सतर्कता ही सुरक्षा, यातायात पुलिस बस्ती की जनता से अपील

By Aijaz Alam Khan

बस्ती।
जनपद में बढ़ते कोहरे को देखते हुए यातायात पुलिस बस्ती ने आम नागरिकों से सड़क पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दृश्यता कम होने के कारण छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान वाहन की गति धीमी रखें और हमेशा लो-बीम हेडलाइट या फॉग लैंप का प्रयोग करें। हाई-बीम लाइट से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे सामने का दृश्य और अधिक धुंधला हो जाता है।
पुलिस ने आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ओवरटेक न करने तथा अपनी लेन में ही वाहन चलाने पर जोर दिया है। मोड़ या कम दृश्यता वाले स्थानों पर हल्के हार्न का प्रयोग करने की भी सलाह दी गई है।
यदि वाहन सड़क किनारे रोकना पड़े, तो हैजार्ड या पार्किंग लाइट अवश्य ऑन रखें। साथ ही वाहन के शीशों को साफ रखने और डिफॉगर या एसी का प्रयोग करने की बात कही गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोहरा अत्यधिक घना हो और वाहन चलाना असुरक्षित लगे, तो बेहतर है कि सुरक्षित स्थान पर रुककर कोहरा कम होने की प्रतीक्षा की जाए।
“आपका सहयोग आपकी सुरक्षा” — यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित चलें।

परमानंद मिश्रा की रिपोर्ट
AKP NEWS 786