Breaking
22 Jul 2026, Wed

बस्ती पुलिस की बड़ी कामयाबी: 25-25 हजार के इनामी दो शातिर गैंगस्टर गिरफ्तार

By Aijaz Alam Khan

जनपद बस्ती में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गैंगेस्टर एक्ट में वांछित और 25-25 हजार रुपये के इनाम घोषित दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली पर पंजीकृत मु0अ0सं0-01/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगेस्टर एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त जितेन्द्र उर्फ चुन्नीलाल उर्फ मुन्नीलाल तथा शिवपूजन उर्फ करिया को बड़ेबन और मूड़घाट के बीच से दबोच लिया गया। दोनों अभियुक्त लंबे समय से पुलिस की नजर में थे और इनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जितेन्द्र उर्फ चुन्नीलाल थाना कोतवाली क्षेत्र का निवासी है, जबकि शिवपूजन उर्फ करिया थाना सोनहा का रहने वाला है, जो वर्तमान में पुरानी बस्ती क्षेत्र में रह रहा था। दोनों के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर एक्ट सहित गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके शातिर अपराधी होने की पुष्टि होती है।


पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास लंबा और संगीन है। यह दोनों ही अभियुक्त जनपद बस्ती के अलावा अन्य जनपदों में भी कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।


इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश चंद चौधरी, निरीक्षक ऋतुंजय यादव, हेड कांस्टेबल अजय यादव, शैलेश शर्मा, कांस्टेबल संजय यादव, धनंजय यादव, राजू यादव, महिला कांस्टेबल आशा और कमली यादव शामिल रहीं।
पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम बताते हुए टीम की सराहना की है। साथ ही आमजन से अपील की है कि अपराधियों से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस के साथ साझा करें, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत की जा सके।

रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा
AKP News 786