Breaking
4 Jun 2026, Thu

बस्ती बिजली व्यवस्था सुधार को लेकर राना दिनेश प्रताप सिंह इलेक्ट्रिक ऑटो से पहुंचे विद्युत विभाग कार्यालय

बस्ती बिजली व्यवस्था सुधार

By Editor Aijaz Alam Khan

बस्ती बिजली व्यवस्था सुधार को लेकर राना दिनेश प्रताप सिंह इलेक्ट्रिक ऑटो से पहुंचे विद्युत विभाग कार्यालय

बस्ती: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पेट्रोल-डीजल बचत की अपील का असर अब बस्ती जिले में भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो से विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे।

उनके साथ नगर पंचायत नगर के करीब एक दर्जन सभासद भी मोटरसाइकिलों से पहुंचे। राना दिनेश प्रताप सिंह बिगड़ी विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अधीक्षण अभियंता खालिद सिद्दीकी से संवाद करने उनके कार्यालय पहुंचे थे।

बिजली समस्याओं को लेकर जताई नाराजगी

राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र को स्वतंत्र फीडर से जोड़ने में लगातार देरी हो रही है। इसके अलावा नियमित अवर अभियंता की नियुक्ति न होना, अनियमित विद्युत कटौती, जर्जर तार और खंभों से दुर्घटनाओं की आशंका, लो वोल्टेज की समस्या तथा ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने में हो रही देरी से जनता परेशान है।

उन्होंने यह भी कहा कि रात्रिकालीन बिजली समस्याओं के दौरान संबंधित अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाता है। साथ ही विजिलेंस जांच के नाम पर कथित धन उगाही को लेकर भी लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

घंटों चली वार्ता के बाद अधीक्षण अभियंता खालिद सिद्दीकी ने आश्वासन दिया कि नगर फीडर पर स्थायी अवर अभियंता की तैनाती जल्द की जाएगी। साथ ही नगर को तीन दिनों के भीतर स्वतंत्र फीडर से जोड़कर नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की बात कही गई।

उन्होंने यह भी बताया कि सभी 15 वार्डों में क्रमवार कैम्प लगाकर विद्युत समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वहीं क्षेत्र के सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

एक सप्ताह में सुधार न होने पर ऊर्जा मंत्री से मुलाकात की चेतावनी

राना दिनेश प्रताप सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर जिले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

ईंधन बचाने के लिए इलेक्ट्रिक ऑटो का किया उपयोग

राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी चार पहिया वाहन का उपयोग बंद कर नगर पंचायत नगर निवासी अपने मित्र शतीश चंद्र द्विवेदी के इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा से बस्ती तक यात्रा की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील की है। वैश्विक युद्ध जैसी परिस्थितियों में ईंधन बचत के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से समाज को जुड़ना चाहिए।

ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर सभासद राजेश पाण्डेय, राज कुमार चौधरी, संजय सोनकर, दिनेश चौरसिया, विजय साहनी, तुलसी राम, बिन्दूलाल, राम सजन यादव, राकेश पाण्डेय, देवेंद्र पाण्डेय सन्नी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

रिजवान खान की रिपोर्ट

AKP News 786