बस्ती। जनपद में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने मालवीय रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में संचालित अवैध हुक्का बार पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से हुक्का बार संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में हुक्का सामग्री और फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद किया है।




पुलिस के अनुसार, 7th हेवन रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान संचालक मोहम्मद आफताब के साथ शुभम कन्नौजिया और सक्षम भारती को हिरासत में लिया गया।
छापेमारी में 15 हुक्का स्टैंड, विभिन्न कंपनियों के फ्लेवर्ड तंबाकू के दर्जनों डिब्बे एवं पैकेट, पाइप पाउच तथा अन्य संबंधित सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 246/2026 के अंतर्गत धारा 271 बीएनएस एवं तंबाकू अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय सिंह, सुरेंद्र प्रसाद, आनस अख्तर तथा पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार और नियमों के विरुद्ध संचालित हुक्का बारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
