Breaking
23 Jul 2026, Thu

बस्ती में प्रसूता की मौत पर हंगामा, निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप

By Aijaz Alam Khan (Editor)

बस्ती। जनपद के स्वास्थ्य विभाग के कतिपय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं निजी अस्पताल के संचालकों के बीच कथित साठगांठ के चलते इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है। इलाज में कथित लापरवाही के कारण एक प्रसूता की मौत हो गई।
मृतका रिंकी पत्नी रामप्रकाश, निवासी बेलघाट थाना पैकोलिया के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जिला महिला चिकित्सालय के सामने स्थित आइडियल मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के प्रबंधन और डॉक्टरों की लापरवाही से उसकी मौत हुई है।


मृतका की मां का कहना है कि आशा कार्यकर्ता के कहने पर महिला चिकित्सालय से गर्भवती रिंकी को आइडियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन के बाद रिंकी ने एक बच्ची को जन्म दिया, जो फिलहाल जीवित है।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद रिंकी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, लेकिन उस समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे। समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण 13 मार्च की रात उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजन ओमप्रकाश और उसकी माता ने हॉस्पिटल के प्रबंधन तथा विशेष रूप से अखिलेश नामक व्यक्ति पर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट : परमानन्द मिश्रा

AKP News 786