Breaking
17 Apr 2026, Fri

बस्ती में शीतलहर का कहर, अलाव व्यवस्था नदारद — आम आदमी पार्टी ने उठाई आवाज

By Aijaz Alam Khan

जनपद बस्ती में शीत ऋतु के तीव्र प्रकोप से तापमान लगातार गिरता जा रहा है। कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, चिकित्सालयों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आवागमन करने वाले नागरिक—विशेषकर गरीब, असहाय, दिहाड़ी मजदूर एवं जरूरतमंद वर्ग—भीषण ठंड में असुरक्षित स्थिति में जीवन यापन को मजबूर हैं।


आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल ने प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में अलाव की समुचित, नियमित और पर्याप्त व्यवस्था न होने से आमजन को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से बचाव के अभाव में शीतजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, जो सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।


उन्होंने जिलाधिकारी बस्ती से मांग की कि शीत ऋतु को देखते हुए नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अंतर्गत सभी प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों और जरूरतमंद क्षेत्रों में नियमानुसार अलाव की सतत व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराई जाए तथा संबंधित विभागों को स्पष्ट और प्रभावी निर्देश जारी किए जाएं, ताकि नागरिकों को ठंड से राहत मिल सके।


इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. रामसुभाष वर्मा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र बस्ती के किसी भी प्रमुख चौराहे पर अलाव की व्यवस्था जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलाव की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप जायसवाल ने यह भी कहा कि डीएम कार्यालय व नगर पालिका द्वारा अलाव के नाम पर लकड़ी गिराए जाने की औपचारिकता तो निभाई जा रही है, लेकिन शहर के विभिन्न चौराहों पर वास्तव में अलाव जलता हुआ नजर नहीं आ रहा है। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता को उजागर करती है।
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से अपील की है कि इस मानवीय और जनहित से जुड़े गंभीर विषय पर तत्काल, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि ठंड से जूझ रहे नागरिकों को समय रहते राहत मिल सके।

रिज़वान खान  की रिपोर्ट
AKP News 786