Breaking
17 Apr 2026, Fri

बस्ती में किसानों का अर्धनग्न प्रदर्शन, ठिठुरती ठंड में भी नहीं टूटा हौसला

By Aijaz Alam Khan

बस्ती सदर विकास खंड के ग्राम नौगढ़ में किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर साफ दिखाई देने लगा है। भारतीय किसान यूनियन (भदौरिया गुट) के बैनर तले चल रहा धरना प्रदर्शन बुधवार को दसवें दिन में प्रवेश कर गया। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच किसानों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर प्रशासन की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए।


किसानों का कहना है कि क्षेत्र में बनाए गए फ्लाईओवर का निर्माण मानकों के विपरीत किया गया है। सर्विस रोड न होने के कारण किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने, उपज की ढुलाई और दैनिक आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई या आश्वासन नहीं मिला है।


धरने की अध्यक्षता कर रहे वीरेंद्र मौर्य ने कहा कि यह आंदोलन मजबूरी में किया जा रहा है। “जब हमारी बात सुनी ही नहीं जा रही, तो हमारे पास विरोध का यही तरीका बचा है,” उन्होंने कहा। वहीं, भारतीय किसान यूनियन (भदौरिया गुट) के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश सिंह ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की मांग पूरी होने तक आंदोलन और तेज किया जाएगा।
किसानों की मुख्य मांग है कि जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और एसडीएम सदर द्वारा सर्विस रोड निर्माण को लेकर लिखित आश्वासन दिया जाए। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि मौखिक भरोसे पर अब आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
धरना स्थल पर राहुल पटेल, छोटे सिंह, अवधेश यादव, अमित पांडे, अमन पांडे, रामधनी पांडे, विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में किसान डटे रहे। ठंड से बचने के सीमित इंतजामों के बीच किसानों का यह अर्धनग्न प्रदर्शन न सिर्फ प्रशासन, बल्कि आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
अब देखना यह है कि प्रशासन किसानों की इस पीड़ा को कितनी गंभीरता से लेता है, या फिर ठंड के बीच यह आंदोलन और उग्र रूप लेता है।

रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP News 786