जनपद बस्ती में ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान के तहत जनगणना 2027 की बहुप्रतीक्षित ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) प्रक्रिया 07 मई 2026 से शुरू होने जा रही है। पहली बार नागरिकों को अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है। इस नई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के प्रत्येक नागरिक तक इस डिजिटल सुविधा की जानकारी पहुँचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी गणना कर सकें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से न केवल आंकड़ों की शुद्धता बढ़ेगी, बल्कि आम जनता और प्रगणकों दोनों का समय भी बचेगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्मचारियों सहित स्वयं भी स्व-गणना करें तथा जनप्रतिनिधियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से पंजीकरण कर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा हिंदी समेत 16 भाषाओं में उपलब्ध होगी। स्व-गणना फॉर्म में कुल 33 प्रश्न शामिल किए गए हैं, जिनमें मकान, बिजली, पानी, शौचालय और संपत्ति से जुड़ी जानकारी मांगी जाएगी।
यह ऑनलाइन प्रक्रिया 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित होगी। फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्रत्येक नागरिक को एक विशेष SE ID प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। सत्यापन के दौरान प्रगणक को केवल यही आईडी दिखानी होगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल जनगणना राष्ट्र निर्माण और भविष्य की योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी नागरिकों से समय सीमा के भीतर अपनी स्व-गणना पूर्ण कर इस अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने का आह्वान किया।
