बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र के मनिकचंद स्थित एक मैरिज हॉल में भारतीय जनता पार्टी का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल के संयोजन में आयोजित हुआ। सम्मेलन में बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी चुनावों की रणनीति तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विस्तार से मंथन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मणि त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका बूथ स्तर का सशक्त संगठन है। उन्होंने कहा कि “प्रत्येक बूथ अध्यक्ष पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण कार्यकर्ता है। बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही मजबूत होगा और विकास की गति भी उतनी ही तेज़ बनी रहेगी।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के संयोजक एवं पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर सक्रिय रहकर जनता से निरंतर संवाद बनाए रखे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है और इसी के बल पर पार्टी लगातार जनता का विश्वास अर्जित कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को भी संगठन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।

ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रत्युष विक्रम सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है।
पूर्व विधायक एवं प्रभारी संगीता प्रताप जायसवाल ने महिला कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। वहीं पूर्व महिला आयोग सदस्य सुमन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियां समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी।
सम्मेलन में जिला मंत्री नीलम गौड़, प्रदेश प्रतिनिधि दुर्गेश विक्रम सिंह, क्षेत्रीय परिषद सदस्य विनय त्रिपाठी, जिला मंत्री सुनील चौधरी, जिला उपाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, ब्रजेश यादव (देवा), मंडल प्रभारी विनय शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर निषाद, जिला मंत्री प्रमोद मिश्र, मंडल अध्यक्ष सूर्याकर विक्रम सिंह (दुबौलिया), सुरेश भट्ट (पकड़िया), जयनाथ पाण्डेय (सल्टौआ), सुनील सोनी (हथेली), गिरधारी यादव (बभनान), जयप्रकाश गौड़ (रमवापुर), जिला कार्यसमिति सदस्य शिल्पा चौधरी, जिला मंत्री रमेश शर्मा, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य युवा मोर्चा अभिनव उपाध्याय, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष रामवास निषाद, प्रदेश एवं जिला मंत्री उमेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक बूथ को सक्रिय एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
रिपोर्ट रिजवान खान