भद्रेश्वरनाथ मंदिर एवं संपूर्ण कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधाओं के दिए आवश्यक निर्देश
बस्ती। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मंडलायुक्त बस्ती, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी बस्ती तथा पुलिस अधीक्षक बस्ती ने संयुक्त रूप से संपूर्ण कांवड़ मार्ग एवं भद्रेश्वरनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए संभावित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उच्चाधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा को आपसी सौहार्द, भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, संबंधित थाना प्रभारी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा