Breaking
17 Apr 2026, Fri

मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना के तहत 118 किसानों को डीजल पम्पसेट वितरित, होली पर मिला सिंचाई का तोहफा

By Aijaz Alam Khan (Editor)

बस्ती। मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजनान्तर्गत वर्ष 2015-16 से पूर्व निर्मित उथले नलकूपों पर डीजल पम्पसेट वितरण समारोह का आयोजन लघु सिंचाई केन्द्रीय भण्डार, बस्ती परिसर में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में जनपद के 118 किसानों को शासन द्वारा आवंटित डीजल पम्पसेट वितरित किए गए।


समारोह में सिंचाई बंधु समिति के उपाध्यक्ष गजेन्द्रमणि त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ हरैया, रूधौली, महादेवा एवं कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने किसानों का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें होली के शुभ अवसर पर यह उपयोगी उपहार प्रदान किया।


अपने संबोधन में वक्ताओं ने किसानों की प्रमुख समस्याओं—खाद, उर्वरक, बिजली एवं सिंचाई—पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसान की सबसे बड़ी आवश्यकता समय पर सिंचाई है, ताकि हर खेत तक पानी पहुँच सके और फसल सुरक्षित रहे। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा यह पहल की गई है, जिससे किसानों को समय पर पानी उपलब्ध हो सके और उनकी खेती की लागत में भी कमी आए।


वक्ताओं ने भरोसा दिलाया कि सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, ताकि कृषि से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से किसानों तक पहुँचे। उन्होंने कहा, “जब अन्नदाता खुशहाल होगा, तभी राष्ट्र समृद्ध होगा।”


इस अवसर पर लघु सिंचाई खण्ड बस्ती के अधिशासी अभियन्ता ई० सुभाष चन्द्र, सहायक अभियन्ता ई० गरिमा द्विवेदी, अवर अभियन्ता ई० अजय कुमार, ई० परविन्द सिंह, ई० सुजीत गुप्ता, ई० अश्वनी कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एसोसिएशन बोरिंग टेक्नीशियन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सहायक अभियन्ता गरिमा द्विवेदी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं किसान बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग सदैव किसानों के हित में तत्पर रहेगा।
डीजल पम्पसेट प्राप्त कर किसानों के चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दी। यह पहल निश्चित रूप से जनपद में कृषि सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

रिपोर्ट : रिज़वान खान

AKP News 786