Basti Blackout Mock Drill
बस्ती (उत्तर प्रदेश) में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, आपात हालात से निपटने का सफल अभ्यास
बस्ती जिले में आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से बुधवार को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह ड्रिल शास्त्री चौक से कंपनी बाग तक निर्धारित क्षेत्र में संपन्न हुई।

तय समय पर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई, जिससे ड्रिल के दौरान पूरा इलाका अंधकार में डूबा रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। हर गतिविधि पर बारीकी से निगरानी रखी गई और आपात प्रबंधन की व्यवस्थाओं का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित संकट की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और जनसुरक्षा को मजबूत करना रहा।
ड्रिल को लेकर आमजन भी जागरूक और सतर्क दिखे। प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए लोगों ने सहयोग किया, जिससे यह अभ्यास पूरी तरह सफल रहा।
मौके पर एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की मॉक ड्रिल भविष्य में भी जारी रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जिले की तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक सुदृढ़ की जा सके।
रिपोर्ट : रिज़वान खान
