Breaking
17 Apr 2026, Fri

अपहरण कर फिरौती वसूलने वाला गिरोह गिरफ्तार, झोला छाप डॉक्टरों को बनाते थे निशाना

By Aijaz Alam Khan

जनपद बस्ती में अपराधियों के हौसले पस्त करते हुए थाना परसरामपुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अपहरण कर फिरौती वसूलने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और अपहरण में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया है। अपहृत आयुर्वेदिक औषधि विक्रेता को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 दिसंबर 2025 को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जनपद निवासी वीरेंद्र सिंह को परसरामपुर कस्बे में दुर्गा माता मंदिर के पास चार लोगों ने जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने एक लाख रुपये की फिरौती मांगी और अयोध्या ले जाकर पीड़ित के दो एटीएम कार्ड से 50 हजार रुपये निकाल लिए थे। इसके बाद पीड़ित को छोड़कर फरार हो गए थे।


घटना के बाद थाना परसरामपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हैदराबाद बगिया क्षेत्र में छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह झोला छाप डॉक्टरों और आयुर्वेदिक दवा विक्रेताओं को निशाना बनाता था, क्योंकि वे बदनामी के डर से शिकायत नहीं करते।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। अभियुक्तों के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, वॉयस सैंपल, फोटो, NAFIS विवरण और डोजियर तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि संगठित अपराध पर लगातार सख्ती जारी रहेगी।

परमानन्द मिश्रा की रिपोर्ट
AKP News 786