थाना कलवारी की मिशन शक्ति टीम ने बिखरता परिवार फिर से जोड़ा
बस्ती। जनपद बस्ती में उत्तर प्रदेश पुलिस की मिशन शक्ति टीम लगातार सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में थाना कलवारी की मिशन शक्ति टीम ने एक सराहनीय पहल करते हुए आपसी विवाद के चलते अलग रह रहे पति-पत्नी के एक जोड़े को काउंसलिंग के माध्यम से पुनः मिलाने में सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार, पारिवारिक मतभेदों के कारण दोनों के रिश्तों में दूरियां बढ़ गई थीं और मामला अलगाव तक पहुंच गया था। मिशन शक्ति टीम ने संवेदनशीलता एवं धैर्य के साथ दोनों पक्षों की बात सुनी तथा आपसी संवाद और समझदारी के जरिए मतभेद दूर कराने का प्रयास किया। टीम की सकारात्मक पहल के बाद पति-पत्नी ने पुनः साथ रहने पर सहमति जताई।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने परिवार की अहमियत बताते हुए आपसी विश्वास, संवाद और सम्मान बनाए रखने की सलाह भी दी। बस्ती पुलिस की इस मानवीय एवं सामाजिक पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का भी कार्य कर रही है।
