बस्ती साइबर क्राइम थाना पुलिस ने CYVAJRA अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो मोहर और ₹1,000 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जिनवा चौराहे पर जन सेवा केंद्र संचालक संदीप वर्मा से आरोपियों ने इलाज की मजबूरी बताकर दो बार बिजनेस QR कोड पर कुल ₹50,950 ट्रांसफर कर नकद रुपये ले लिए थे। बाद में संबंधित रकम साइबर फ्रॉड की होने के कारण खाते में होल्ड लग गया। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर मंगलवार सुबह अमहट पुल के पास से विकास चौधरी उर्फ कार्तिक, राज यादव और महेंद्र चौधरी उर्फ सत्या को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने साइबर ठगी के रुपये जन सेवा केंद्र के माध्यम से नकद निकालकर आपस में बांट लेने की बात स्वीकार की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभिजीत शर्मा की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट परमानंद मिश्रा