Breaking
17 Apr 2026, Fri

एबीवीपी बस्ती नगर बाजार इकाई द्वारा समरसता दिवस पर भव्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन–400 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ!

बस्ती : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बस्ती नगर बाजार इकाई द्वारा भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर “समरसता दिवस” के रूप में एक भव्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को समान स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना तथा सामाजिक समरसता के भाव को सशक्त करना रहा।

इस स्वास्थ्य शिविर में 400 से अधिक लोगों ने अपना पंजीकरण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर जांच, सामान्य स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के संयोजक ओम सिंह ने कहा कि, “बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर का सम्पूर्ण जीवन समाज में समरसता, समानता एवं न्याय के लिए समर्पित रहा है। उसी भाव को आगे बढ़ाते हुए एबीवीपी द्वारा यह शिविर आयोजित किया गया, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।”

उन्होंने आगे कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्र संगठन नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने वाला राष्ट्रवादी संगठन है, जो निरंतर समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में एबीवीपी के अनेक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, छात्रों एवं युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे मनोयोग से सेवा भाव से कार्य किया।

अंत में आयोजकों द्वारा सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया और समाज में ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

रिज़वान खान की रिपोर्ट
AKP NEWS 786